खरी-खरी : पिछड़ो, मत पढ़ो इसे, यदि तुम्हें सवर्णों की हरवाही ही करनी है
Fri, Dec 5, 2025
नवल किशोर कुमार
आदमी को इतिहास से सीखना ही चाहिए। लोग यह मानते भी हैं, लेकिन इस देश के ओबीसी कभी नहीं सीखते। वे पीढ़ी-दर-पीढ़ी गलतियां करते जाते हैं और इस बात का रोना राेते हैं कि वे पिछड़े हैं। बिहार में संपन्न हुआ विधानसभा चुनाव भी इसका प्रमाण है कि कैसे पिछड़ों और अति पिछड़ों के वोट से सबसे अधिक राजपूत जीत गए। विधानसभा में भूमिहारों और ब्राह्मणों की संख्या भी उनकी आबादी के अनुपात में कई गुणा अधिक है। कुछ लोगों को यह लगता होगा कि बिहार में मुख्यमंत्री एक कुर्मी है और पिछड़ों का राज है, लेकिन सच यह नहीं है। पिछले बीस सालों से बिहार के पिछड़े इसी भ्रम में जी रहे हैं। सच तो यह है कि पिछड़ों का राज कभी आया ही नहीं। लालू प्रसाद के दौर में भी नहीं। तब भी सत्ता की बागडोर सवर्णों के हाथ में रही। एक जगदेव प्रसाद हुए, जो निछक्का दल बनाने की बात करते थे, लेकिन इसकी बुनियाद क्या होगी, इसे लेकर उनके मन में भी अस्पष्टता ही थी। रही बात कर्पूरी ठाकुर की तो मेरे सामने 10 अक्टूबर, 1978 को ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ में प्रकाशित एक खबर है।
इस खबर में यह बताया गया है कि प्रौढ़ शिक्षा योजना की शुरुआत करते हुए जयप्रकाश नारायण ने कर्पूरी ठाकुर के सामने ही यह कहा कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ज्योति बसु ने जाति के सवाल को बेहतर तरीके से सुलझाया है। उनके मुताबिक, ज्योति बसु ने जातिवाद को खत्म करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल किए हैं। यह सब वे कर्पूरी ठाकुर के सामने कह रहे थे, जो कि उस समय बिहार के मुख्यमंत्री थे और इस कारण मुख्यमंत्री थे, क्योंकि उन्हें जयप्रकाश नारायण का आशीर्वाद प्राप्त था।
मैं सोच रहा हूं कि कर्पूरी ठाकुर उस वक्त क्या सोच रहे होंगे जब जयप्रकाश नारायण उपरोक्त बात कह रहे होंगे। क्या उन्हें उनकी बात से चोट नहीं पहुंची होगी कि कैसे जयप्रकाश नारायण ने पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने के सवाल को उनके ही सामने खारिज कर दिया था। कर्पूरी ठाकुर तब कितने मजबूर रहे होंगे, इसका अनुमान लगाया जा सकता है। फिर तो आगे चलकर यह भी हुआ कि जनता पार्टी के ही एक धड़े ने विरोध किया और कर्पूरी ठाकुर को मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ा। यह तारीख थी 21 अप्रैल, 1979। कर्पूरी ठाकुर के मुकाबले रामसुंदर दास को खड़ा किया गया।
जिस दिन यह हुआ, उसके अगले दिन अखबार में कर्पूरी ठाकुर का बयान छपा था कि यदि नई सरकार में आरएसएस के लोग शामिल नहीं होंगे तो उनके समर्थक विधायक रामसुंदर दास सरकार को अपना समर्थन देने को तैयार हैं। हालांकि उनके इस बयान का कोई मतलब नहीं था, क्योंकि तब रामसुंदर दास ने मुख्यमंत्री और कैलाशपति मिश्र कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ले चुके थे। इसके पहले कर्पूरी ठाकुर के मंत्रिमंडल में भी कैलाशपति मिश्र कैबिनेट मंत्री थे।
दरअसल, इतिहास बताता है कि बिहार में पिछड़ों के आंदोलन की कोई विचारधारा नहीं रही, जैसा कि तमिलनाडु में गैर-ब्राह्मणवाद की रही। कर्पूरी ठाकुर को ब्राह्मणों की गुलामी से कोई परहेज नहीं था। उनके चेले लालू प्रसाद को भी नहीं रही है और नीतीश कुमार तो कर्पूरी ठाकुर का भी कान काटने वालों में हैं। नीतीश कुमार ऐसे बेगार बन चुके हैं जो सवर्णों के किसी बात का विरोध नहीं कर सकते। कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद में थोड़ी हिम्मत भी थी।
खैर, दो दिन पहले भागलपुर से एक शोधार्थी ने मुझे बताया कि वे शिवदयाल सिंह चौरसिया के जीवन व उनके कृत्य पर पीएचडी कर रहे हैं। अभी जब पिछड़े वर्गों के आंदोलन के बारे में सोच रहा हूं तो यह बात याद आई है। यह बात 1930 की है। लखनऊ के बेगम हज़रत महल पार्क में डिप्रेस्ड क्लास की एक रैली का आयोजन किया गया था। इसे डॉ. बी. आर. आंबेडकर संबोधित करने वाले थे। लेकिन कुछ ऐसा हुआ कि डॉ. आंबेडकर को बिना भाषण दिए वापस लौटना पड़ा था।
इस घटना की एक बड़ी वजह यह थी कि डॉ. आंबेडकर के लिए पिछड़े और दलित अलग-अलग थे। यह इसके बावजूद कि पिछड़ा समाज उन्हें अपना समर्थन दे रहा था। उनके आंदोलनों में शामिल हो रहा था। उत्तर प्रदेश के ही एक रामचरनलाल निषाद एडवोकेट थे, जो सूबे में शूद्र जातियों के लिए आंदोलन चला रहे थे। उनके सहयोगियों में रामप्रसाद अहीर, शिवदयाल चौरसिया, राजाराम कहार, बीएस जैसवार आदि नेता थे। ये सभी शूद्र जातियों के लिए समान व्यवस्था व अधिकार के पक्षधर थे, लेकिन डॉ. आंबेडकर को केवल अछूत जातियों से मतलब था। इतना ही नहीं जब लोथियन कमेटी यानी मताधिकार समिति का आगमन हुआ तो डॉ. आंबेडकर सिर्फ़ अछूत जातियों के दोहरे मताधिकार के पक्ष में प्रत्यावेदन दिए। इससे रामचरनलाल निषाद एडवोकेट को गहरा धक्का लगा। फिर तो जो हुआ वह इतिहास भी नहीं बताता। आंदोलन दम तोड़ चुका था। यह अलग बात है कि शिवदयाल चौरसिया संविधान सभा के सदस्य बने और बाद में काका कालेलकर आयोग के सदस्य भी।
कुल मिलाकर बात यह कि पिछड़े तब तक बेपेंदी का लोटा बने रहेंगे, जब तक उनके पास कोई विचारधारा नहीं होगी। लोहियावाद एक विचारधारा जरूर है, लेकिन इसमें भी खूब सारे छेद हैं। मुझे नहीं पता कि पेरियार की विचारधारा को बिहार के पिछड़े कब अपनी विचारधारा मानेंगे, लेकिन यह जरूर जानता हूं कि बिना पेरियारवाद के पिछड़ों की हालत कभी नहीं सुधरेगी। वे सवर्णों के गुलाम बने रहेंगे।
अपना दल एस की मासिक समीक्षा बैठक : पंचायत चुनाव को लेकर मिशन मोड में काम करने का आह्वान
Tue, Dec 2, 2025
लखनऊ।
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में पार्टी संगठन को निचले स्तर से शीर्ष स्तर तक पूरी तरह सक्रिय, अनुशासित एवं निर्णायक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कैम्प कार्यालय, 1-ए माल एवेन्यू, लखनऊ में एक व्यापक संगठनात्मक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जाटव आर. पी. गौतम ने की। साथ ही पार्टी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे ।
बैठक में जिलेवार संगठनात्मक संरचना की गहन समीक्षा की गई। प्रत्येक जिले व विधानसभा स्तर से जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों द्वारा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा संगठनात्मक गतिविधियों का मूल्यांकन किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी पंचायत चुनाव को केंद्र में रखते हुए संगठन को “मिशन मोड” में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिया कि—
• प्रत्येक विधानसभा स्तर से लेकर हर बूथ पर मजबूत एवं समर्पित टीमों का गठन किया जाए।
• संगठन कार्यकर्ताओं की उपस्थिति गांव-गांव एवं घर-घर सुनिश्चित की जाए।
• जनता से संवाद को निरंतर एवं मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाए।
⸻
राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रमुख निर्देश
- बूथ कमेटियों का तत्काल पुनर्गठन
- सभी प्रकोष्ठों को सशक्त बनाकर जन-आंदोलनों से जोड़ना
- पंचायत चुनाव तैयारी हेतु जनसंवाद कार्यक्रम, चौपाल बैठकों, प्रशिक्षण शिविरों व घर-घर संपर्क अभियानों में तेजी
- सभी पदाधिकारियों द्वारा जनसमस्याओं को मजबूती से उठाते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करना
⸻
राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल का संदेश
“संगठन पदों से नहीं, समर्पित कार्यकर्ताओं से बनता है।
चुनाव में जीत तभी सुनिश्चित होती है जब हर कार्यकर्ता मैदान में उतरकर जनता के बीच मजबूती से खड़ा दिखाई देता है।”
⸻
प्रदेश अध्यक्ष जाटव आर. पी. गौतम का संबोधन
“संगठन की ताकत ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। पंचायत चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष एवं संकल्प के साथ मैदान में उतरना होगा।”
⸻
बैठक में पार्टी के विधायकगण सहित राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं विधानसभा स्तर के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संगठनात्मक रूप से कमजोर क्षेत्रों की पहचान कर तत्काल विस्तार एवं मजबूती हेतु ठोस रणनीति तैयार की गई। आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जिला स्तरीय सम्मेलनों, चौपाल संवाद अभियानों एवं बूथ बैठकों की विस्तृत रूपरेखा तय कर सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट कार्य-दायित्व सौंपे गए।
⸻
पार्टी का संकल्प
अपना दल (एस) ने संकल्प लिया कि आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी पूर्ण शक्ति, अनुशासन एवं मजबूत संगठनात्मक ढांचे के साथ मैदान में उतरेगी तथा प्रदेशभर में जनता की सशक्त आवाज बनकर विजयी संघर्ष को दिशा देगी।
कुर्मियों की बातें : सोचिए, क्या आप सत्ता में होने के लिए डिजर्व करते हैं?
Tue, Dec 2, 2025
दुर्गेश कुमार
न कलम चला सकते है, न लाठी, न बोल सकते है, न कागज की परत खोल सकते है, मेरे भाई छाती पर हाथ रख कर बोलिए क्या आप सत्ता में होने के लिए डिजर्व करते हैं?
न सड़क पर मुद्दों के लिए उतर सकते है, न असेंबली, संसद में सुलझे हुए लोगों को भेज सकते है, न पैसे फेक कर राज्यसभा खरीद सकते है. क्या आप डिजर्व करते हैं?
न आप साहित्य रचते है और न ही अखबार निकालते है, अपने बच्चों को गुलामी की भावना का एहसास कराने वाले कुंठित साहित्य पढ़ाने वाले कौम के लोग बताएं आप सत्ता के लिए डिजर्व करते हैं?
जो लोग घर में ढंग का साइंस, वर्ल्ड अफेयर्स, राजनीतिक मैग्जीन खरीदने पर पैसे नहीं खर्च करते है और न ही अपने एग्रीकल्चर के पेशे की माडर्न समझ रखते है क्या वो लोग सत्ता के लिए डिजर्व करते है?
जिस समाज के संपन्न लोग इंजीनियरिंग, डाक्टर, नौकरशाह, बी ग्रेड, सी ग्रेड के पेशे में गुम है जो कौम पब्लिक पर्सनालिटी पैदा नहीं करती उस कौम के संपन्न लोग बताएं क्या आप योग्यता के बावजूद अपेक्षित सम्मान के लिए आप डिजर्व करते हैं?
जिस कौम को सरकारी जाति कह दिया जाता है उस कौम के लोग अदने से काम के लिए रिरियाते है. क्योंकि पे बैक टू सोसाइटी की भावना धूमिल है.. जाति तभी याद आती है जब काम होता है. यदि पे बैक टू सोसाइटी के कांसेप्ट से इतेफाक नहीं रखते तो क्या आप शासक होने के लिए डिजर्व करते हैं?
राजधानी में लाखों की भेड़ भीड़ के बावजूद जिस कौम के पास किसी मसले पर मेमोरेंडम देने लायक भी एक सिविल सोसाइटी नहीं हो क्या वह सत्ता के लिए डिजर्व करता है?
समाज के मुद्दे पर तथाकथित पढ़े लिखे समाज में नि:स्वार्थ पांच-दस कलमची नहीं हो, दो-चार डेडिकेटिड मीडिया संस्थान नहीं हो क्या वह कौम सत्ता के लिए डिजर्व करता है?
जिस कौम के पास एक मुखर विधायक नहीं हो, सांसद नहीं हो क्या वह कौम सत्ता के लिए डिजर्व करता है?
जिस कौम के पास न दान करने ठेकेदार वाले हो, न राबिनहूड हो क्या वह सत्ता के लिए डिजर्व करता है?
सुधर जाइए, अभी भी पांच - दस समय है, अफसर बना कर भी गर्दन झुकाने वाली नस्लें बनने की जगह पत्रकार, वकील, ठेकेदार बनाइये.. सिविल सोसाइटी बनाइए.. संपन्न लोग जेबें ढंग से ढीली करें. चाणक्य की तरह पचास चंद्रगुप्त पैदा करें.. अभी भी देर नहीं हुआ है.. वरना जो अभी हालात है.. सबको मालूम है. आप किस खेत की मूल्ली है?