Tu Jamana Badal : चुनार के पूर्व विधायक यदुनाथ सिंह की प्रतिमा के लिए सांसद अनुप्रिया पटेल को ज्ञापन
Patelon ki Baaten
Sun, Feb 22, 2026
मिर्जापुर। यदुनाथ सिंह विचार मंच चुनार के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत रविवार को जिले की सांसद अनुप्रिया पटेल के नाम संबोधित एक ज्ञापन उनके संसदीय कार्यालय में सौंपा। इसके माध्यम से चुनार विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे स्व. यदुनाथ सिंह की प्रतिमा स्थापित कराने के कार्य में तेजी लाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि सांसद क्षेत्र विकास निधि के तहत बीते लोकसभा चुनाव 2024 की अधिसूचना जारी होने की पूर्व संध्या में चुनार में दुर्गाजी मोड़ (सक्तेशगढ़ मार्ग) पर अनुप्रिया पटेल ने यदुनाथ सिंह की प्रतिमा की स्थापना के लिए चबूतरा निर्माण कार्य का शिलान्यास विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया था। लोकसभा चुनाव बीतने के बाद चबूतरा का निर्माण हो गया। सिर्फ प्रतिमा की स्थापना का कार्य बाकी है।
यह भी अवगत कराया गया है कि आदमकद प्रतिमा का निर्माण कराया जा चुका है। मांग की गई है कि प्रतिमा की स्थापना की राह में जो भी बाधाएं हों, उनका निस्तारण सरकार के स्तर से कराकर इस कार्य में तेजी लाई जाए।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यदुनाथ सिंह के साथी रहे बजरंगी सिंह कुशवाहा कर रहे थे। उनके साथ महंत सिंह, जैसराम सिंह, चौ. रमेश सिंह तथा राजेश पटेल थे। सांसद कार्यालय पहुंचने के पहले प्रतिनिधिमंडल ने चुनार में यदुनाथ सिंह की पत्नी प्रभावती देवी से आशीर्वाद लिया।

Tags :
chunar
yadunath singh
tu jamana badal
anupriya patel
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन